करारी कस्बे के किंग नगर मोहल्ले में सोमवार को घर में हजारों की गृहस्थी चोरी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता आयशा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह परिवार सहित घर के अगले हिस्से में मौजूद थी।
इस बीच दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने चांदी की पायल, स्टैंड फैन व मोबाइल चोरी कर लिया। आयशा की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। करारी इंस्पेक्टर सियाकांत ने बताया कि मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद संदेह के दायरे में आए कस्बे के नेतानगर निवासी राजकुमार, सादिकपुर सेमरहा निवासी बबलू गौतम, सोनारन टोला निवासी अलीम को पकड़ा गया।
तीनों ने चोरी का अपराध स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर घर से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। लिखा-पढ़ी के बाद तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।