बालू माफिया ने रविवार शाम बिना टोल टैक्स अदा किए ओवरलोड वाहन पास कराने का विरोध करने पर सिहोरी टोल प्लाजा के मैनेजर को जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत पर धमकी देने वाले माफिया के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सिहोरी टोल प्लाजा के मैनेजर जेपी चतुर्वेदी ने बताया कि रविवार शाम एक माफिया बिना टोल टैक्स अदा किए ही बालू से ओवरलोड वाहन पास कराने की जिद कर रहा था। कर्मचारियों के विरोध करने पर वह उनके साथ बदसलूकी करने लगा।
माफिया ने बताया कि वह स्थानीय है। कर्मचारियों की सूचना पर टोल मैनेजर पहुंचे तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में टोल मैनेजर ने सिहोरी गांव निवासी यासिर के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस बाबत इंस्पेक्टर कोखराज गणेश प्रसाद सिंह का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इंस्पेक्टर का यह भी कहना है कि स्थानीय लोग अक्सर टोल प्लाजा पर इसी तरह का दबाव बनाकर वाहनों को पास कराने का प्रयास करते हैं। इसे लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है।