कादीपुर में जनसभा को संबोधित करते पूर्व सीएम अखिलेश यादव
- फोटो : कौशाम्बी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कादीपुर में जनसभा के दौरान पिछड़े और दलित वोटरों को साधने का भरसक प्रयास किया। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और राम मनोहर लोहिया के साथ काम करने के पीछे समाजवाद की परिकल्पना का बखान किया। उन्होंने कहा कि यह मिलावट नहीं महापरिवर्तन का महागठबंधन है। जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उन्होंने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। केंद्र में गठबंधन की सरकार बनने पर पैरामिलिट्री में सीधी भर्ती किए जाने का वादा किया। कादीपुर मेला बाग में सपा गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज के समर्थन में जनसभा करने आए अखिलेश यादव ने चिलचिलाती धूप में खड़े वोटरों का जोश देख उनसे सीधा संवाद स्थापित कर भाजपा पर अपनी आक्रामकता का इजहार किया।
कहा सपा सरकार ने स्कूली बच्चों को दूध दिया जिसे भाजपा ने छीन लिया। समाजवादी पेंशन माताओ-बहनों को दी गई, उसे छीन लिया। रोजगार देने के लिए पुलिस की सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई, भाजपा ने छीन लिया। सपा ने लैपटाप बांटा, भाजपा ने भी कहा वह भी बांटेगे, लेकिन बांटा नहीं पूछो क्यों? खुद ही सवाल करने के बाद जवाब देते हुए कहा कि बाबा को लैपटाप चलाना नहीं आता। मवेशियों को छोड़वा कर किसानों को चौकीदार बना दिया गया। कहा भाजपा सरकार आरक्षण छीनने की साजिश कर रही है। हम नहीं कहते कि अगड़ों को आरक्षण से वंचित किया जाए। जातियों की गिनती कराओ और आबादी के हिसाब से आरक्षण दिया जाए। भाजपा कहती है हमने शौचालय बनवाया, शौचालय में पानी का इंतजाम किया क्या। युवाओं की नब्ज पर हाथ रखते हुए अखिलेश ने कहा कि तमाम लोग इस सरकार में बेरोजगार हुए हैं। मवेशियों में एक बीमारी गला घोंटू होती है, इस सरकार को कामघोंटू की बीमारी है। दावा किया कि केंद्र में सरकार बनने के बाद जिस तरह यूपी में सिपाही की सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कराई गई थी, उसी तर्ज पैरामिलिट्री आदि की नौकरी में सीधी भर्ती की जाएगी।
पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि 2014 में झूठ बोल कर सत्ता में आए, इस चुनाव में वह पुराने वादे नहीं दोहरा रहे हैं। भाजपा नफरत और डर की राजनीति कर रही है। जनता से पूछा बताओ कितनों को नौकरी मिली। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई। आज किसान परेशान है। कहा पहले चायवाला बनकर आए थे और चौकीदार बन वोट मांग रहे हैं। चुनाव देश के भविष्य, किसान, नौजवानों का है। इसलिए गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज को जिताकर भेजिए। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष खड़ग सिंह पटेल, बसपा जिलाध्यक्ष महेंद्र गौतम, पूर्व विधायक आसिफ जाफरी, कैलाश केसरवानी, चंद्रबली पटेल, केतकी सिंह यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।