वार्ड 24 शहीद गुलाब सेन नगर में हुई चोरी की घटना की जांच करती पुलिस।
कोखराज थाना क्षेत्र में एक सूने घर में लाखों की चोरी हुई है। चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर नकदी, सहित लाखों का सामान चुरा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
वार्ड 24 शहीद गुलाब सेन नगर की कमला देवी पत्नी स्वर्गीय चंदन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेटा प्रांजल व देवर 16 जनवरी को बाइक से गिरने के कारण चोटिल हो गए थे। वह पिछले एक सप्ताह से अपनी दो बेटियों स्वाति और यशी के साथ प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में बेटे का इलाज करा रही थीं, जिसके कारण घर सूना था।
बृहस्पतिवार की सुबह पड़ोसियों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला होने और ताला टूटा होने की सूचना दी। सूचना पर अपने रिश्तेदारों के साथ घर पहुंची तो देखा कि घर के दो कमरों में रखे बक्से, पलंग और संदूक अस्त-व्यस्त पड़े थे। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
वहीं, कोखराज थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर की गई है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा।