पिपरी कोतवाली के कटहुला गौसपुर गांव में रहने वाले एक किसान को उसके ही बेटी और दामाद ने कंगाल कर दिया। बेटी ने पहले तो अपने पिता को बरगलाकर उसकी दो बिस्वा की जगह दो बीघा बेस कीमती जमीन बेच दी।
फिर बाद में उसके खाते में रहे 83 लाख रुपये भी उत्तराधिकारी (नामिनी) बनकर निकाल लिए। पीड़ित किसान ने अपनी बेटी और दामाद समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कटहुला गौसपुर निवासी किसान राम सरन ने बताया कि उसकी बेटी व दामाद ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर जालसाजी करते हुए दो बीघा जमीन बेच दी। बताया कि वह दो बिस्सा भूमि बेचना चाह रहा था, लेकिन ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं होने के चलते वह समझ नहीं सका।
इसका फायदा उठाते हुए जालसाजों ने किसी प्लाटर से मिलकर अगस्त 2022 में दो बीघा भूमि बेच दी। साथ ही बैंक खाते में नामिनी रही बेटी प्रियंका और दामादों ने बैंक खाते में जमा 83 लाख रुपये, एटीएम कार्ड और गूगल पे के माध्यम से निकाल लिए।
इसकी जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने बुधवार को पिपरी इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह से मिलकर नामजद तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर के मुताबिक जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।