पूरामुफ्ती कोतवाली के मंदरी गांव स्थित गुलमोहर गार्डन के समीप सोमवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे भगवतपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पश्चिम शरीरा कोतवाली के पलरा गांव निवासी सरताज ने बताया कि उनका छोटा भाई मुमताज अली (38) पुत्र अहमद अली हैदराबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। एक महीने पहले ही वह गांव से लौटा था। सोमवार को वह बाइक से किसी काम से प्रयागराज गया था।
वापसी में गुलमोहर गार्डन के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। पुलिस ने युवक को भगवतपुर अस्पताल ले गए। जहां से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।