पिपरी के महमूदपुर मनौरी बाजार में सोमवार शाम एक स्टांप वेंडर ने दोस्तों संग मिल कार सवार युवक को जमकर पीट दिया। विरोध करने पर उसकी पत्नी को भी कार से खींच कर जमीन पर पटक दिया। जख्मी दंपती की तहरीर पर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
पूरामुफ्ती कोतवाली इस्माइलपुर कोटवा गांव निवासी विश्राम सागर ने बताया कि साल भर पहले उन्होंने महमूदपुर मनौरी बाजार निवासी स्टांप विक्रेता से एक लाख नकद देकर 1.20 लाख रुपये का स्टांप खरीद जमीन की रजिस्ट्री कराई थी।
बकाया 20 हजार रुपये माह भर बाद जरिये अधिवक्ता भेज दिए थे। सोमवार शाम वह परिवार के साथ मनौरी बाजार खरीददारी करने आया था।
बाजार में उसी 20 हजार रुपये के लिए स्टांप वेंडर ने अपने दोस्तों के साथ मिल विश्राम को कार से खींचकर पीटने लगे। विरोध करने पर पत्नी रेशमा को भी कार से खींच कर पटक दिया। इस दौरान कार में बैठे बच्चे रोते-बिलखते रहे।
इसके बाद भी आरोपी उन्हें रोक कर दबंगई दिखाता रहा। इसी बीच किसी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस की गाड़ी आती देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित दंपती ने थाने जाकर स्टांप विक्रेता समेत पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवचरन राम ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच चौकी इंचार्ज चायल कर रहे हैं। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।