होली के बाद परदेसियों के लौटने का सिलसिला जोरों पर है। महानगरों को जाने वाली ट्रेनों में तीन दिन तक नो रूम की स्थिति बनी है। टिकट वेटिंग का आंकड़ा 150-200 के बीच चल रहा है। तत्काल कोटे से टिकट नहीं मिलने से मायूस होकर लोग वेटिंग टिकट ले रहे हैं।
नई दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, गुजरात सहित अन्य कई शहरों को जाने वाली ट्रेनों में 16 अप्रैल तक आरक्षित सीटों की वेटिंग लिस्ट लंबी हैं। अगले सप्ताह तक विभिन्न स्थानों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हैं। शनिवार को भरवारी रेलवे स्टेशन पर तत्काल कोटे का टिकट बुक नहीं हो पाने से बिसारा निवासी सौरभ कुमार मायूस हो गए। उन्होंने बताया कि मुंबई जाना है। प्रयागराज से जाने वाली किसी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
ऊनौ निवासी सोनू ने बताया कि दिल्ली का तत्काल टिकट बुक कराने आए थे, लेकिन नंबर आने तक वेटिंग हो गई। कन्फर्म टिकट नहीं मिला तो निराश होकर लौटना पड़ा। आगे बताया कि दो दिन तक आरक्षण काउंटर पर टिकट के लिए नंबर लगाया था। इसके बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिला।
भरवारी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर प्रतिदिन एसी में करीब सात से 10 तो स्लीपर में 15-20 फॉर्म दिए जा रहे हैं। इसमें से एसी में चार से छह तो स्लीपर में आठ से बारह लोगों को ही तत्काल टिकट मिल पा रहा है।
-
इन ट्रेनों में चल रही वेटिंग
मुंबई से आने वाली ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची लंबी है। स्लीपर कोच के अलावा वातानुकूलित कोच की भी अधिकांश सीटें रिजर्व हो चुकी हैं। स्लीपर कोच में 100 से 110 वेटिंग है। वहीं, 15 अप्रैल तक इस रूट में चलने वाली किसी भी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं है। कामायनी एक्सप्रेस की बात करें तो 25 अप्रैल तक नो रूम चल रहा है। जबकि, दिल्ली रूट पर चलने वाली ट्रेनों में 15 अप्रैल तक नो रूम चल रहा है l
इन ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची
ट्रेन स्लीपर एसी
महाबोधि एक्सप्रेस 80 50
सिक्किम महानंदा 85 55
आनंद विहार टर्मिनल सुपर फास्ट 40 35
कामायनी 120, 95