The nephew of the tallest BJP leader was taken hostage
- फोटो : KAUSHAMBI
भाजपा के कद्दावर नेता के भतीजे को बनाया बंधक
पानी के लिए परेेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दो कोतवाली की फोर्स ने बचाया
मनमानी पर उतारू नलकूप ऑपरेटर के समर्थन में लाव लश्कर के साथ पहुंचा था भतीजा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मनमानी पर उतारू नलकूप ऑपरेटर के समर्थन में लाव लश्कर के साथ घटमापुर पहुंचना एक कद्दावर भाजपा नेता के भतीजे को महंगा पड़ा। बदसलूकी पर उतारू नेता के भतीजे को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर सिराथू-धाता मार्ग पर जाम कर दिया। ग्रामीणों का उग्र रूप देख युवक के साथी भाग निकले। घटना की जानकारी पर सैनी व पइंसा कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह से युवक को अपने कब्जे में लिया। इस दौरान नेता के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए थे। देर शाम तक किसी भी पक्ष से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
पइंसा कोतवाली के घटमापुर गांव में जल निगम की टंकी से पानी की सप्लाई की जाती है। बताया जा रहा है कि नौ अक्तूबर को यहां लगा स्टार्टर चोरी होने के कारण पानी सप्लाई ठप हो गई। इस वजह से ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया। ग्रामीणों की शिकायत पर जेई जल निगम आशीष सिंह ने यहां तैनात ऑपरेटर सुभाष यादव व ओम प्रकाश द्विवेदी को तलब किया। ओम प्रकाश ने बताया कि जिस दिन स्टार्टर चोरी हुआ है, उस दिन वह अवकाश पर था। पंप में सिराथू निवासी ऑपरेटर सुभाष यादव था। इस पर सुभाष ने 24 घंटे के भीतर दूसरा स्टार्टर लगवाने की बात कही। बताया जाता है कि सुभाष का बेटा राहुल सिराथू के एक कद्दावर भाजपा नेता के यहां काम करता है। शनिवार को भी पंप नहीं चला तो ग्रामीण सुभाष यादव के पास पहुंचे। यहां सुभाष की ग्रामीणों से बहस हो गई। यह बात सुभाष ने फोन करके अपने बेटे राहुल को बताया। राहुल ने भाजपा नेता के भतीजे को घटना के बारे में जानकारी दी तो वह तैश में आ गए। दोपहर करीब दो बजे लाव लश्कर के साथ नेता का भतीजा घटमापुर पहुंचा तो उसकी ग्रामीणों से बहस हो गई। इससे नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया और नेता के भतीजे को बंधक बना लिया। घटना देख राहुल व उसके अन्य साथी भाग निकले। ग्रामीणों के चक्काजाम करने और नेता के भतीजे को बंधक बनाए जाने की खबर पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में पइंसा व सैनी कोतवाली की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों की मान-मनौव्वल कर नेता को भतीजे को छोड़वाकर अपने कब्जे में लिया।
---
इनका कहना है
नेता के भतीजे को ग्रामीणों ने बैठा लिया था। मामले में फिलहाल किसी तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। इसके कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई। नेता के भतीजे को छोड़ दिया गया है।-रामवीर सिंह, सीओ सिराथू