मनाया गया कोजागिरी का त्योहार
छात्राओं ने मिट्टी के बर्तन से छात्रों की उतारी आरती
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा। विकास खंड के पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक स्कूल सौरई बुजुर्ग में शनिवार को परंपरागत तरीके से कोजागिरी (ढेड़िया) का त्योहार मनाया गया। छात्राओं ने मिट्टी के जालीदार बर्तन में आरती रखकर साथी छात्रों की बलाएं उतारीं।
स्कूल के प्रधानाध्यापक अजय साहू ने त्योहार के बाबत बताया कि अवध प्रांत की मान्यता है कि जब भगवान राम लंका विजय के बाद अयोध्या पहुंचे तो वहां की महिलाओं ने ढेड़िया से उनकी आरती उतारी। इसी मान्यता के अनुसार यह त्योहार जिले में भी मनाया जाता है। पर्व के दिन बहने अपने भाइयों की आरती उतारती हैं। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के बाद बच्चों को प्रसाद स्वरूप लाई, गट्टा, फल और चंदिया का वितरण किया गया। इस मौके पर वीरेंद्र शंकर, राम प्रसाद, शशी देवी, ममता देवी, राजेश शर्मा, योगेंद्र यादव, शिवम केसरवानी, अनूप सिंह आदि मौजूद रहे।