करारी। बकरीद का त्योहार 7 जून को मनाया जाएगा। इसे लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। किमामी सेवई और सूखे मेवे की मांग बढ़ गई है।
बकरीद में कुर्बानी का तबर्रक (पवित्र वस्तु जैसे प्रसाद) के रूप में दोस्तों, रिश्तेदारों व गरीबों को परोसने का रिवाज है। सात जून को मनाई जाननी वाली बकरीद को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इसे लेकर बाजार में कई तरह की सेवई की दुकानें सज गई हैं।
किमामी व चासनी वाली सेवई की डिमांड ज्यादा है। इसकी कीमत 250 रुपये किलो तक है। करारी के किराना व्यापारी मनीश केसरवानी ने बताया कि उनकी दुकान में 80 से 150 रुपये प्रति किलो तक की सेवई बिक रही है। मंझनपुर के किराना दुकानदार दीपक ने बताया कि डिब्बा बंद किमामी सेवई 90 रुपये की है। लाल सूतफेनी 100 रुपये व सफेद सूतफेनी 90 रुपये प्रति किलो है। खुली किमामी 80 रुपये व सूतफेनी लच्छा 110 रुपये के भाव से बिक रही है।