कोतवाली क्षेत्र के बरुआ गांव में सोमवार सुबह एक युवक का बरामदे में फंदे से लटका शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने खुदकुशी की आशंका जाहिर की है। आरोप संबंधी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।
राकेश (45) मुंबई में कपड़े प्रेस करने का काम करता था। जबकि, पत्नी कुसमा देवी दो बेटों व दो बेटियोें के साथ घर पर रहती है। दो माह पहले ही राकेश घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि अक्सर किसी न किसी बात को लेकर उसका पत्नी व भाई से झगड़ा होता रहता था। इसे लेकर वह काफी परेशान था।
रविवार रात खाना खाने के बाद वह घर के बरामदे में सोने चला गया। सुबह जब पत्नी ने देखा तो साड़ी के सहारे फंदे से राकेश का शव लटका मिला। उसके रोने-चीखने की आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।