सैनी कोतवाली के सौंरई खुर्द गांव के समीप नहर रोड किनारे रविवार सुबह भट्ठा मजदूर का पेड़ पर फंदे से लटका शव मिला। मृतक के भाई के मुताबिक आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। वहीं, ग्रामीणों में हत्या कर शव लटकाने की चर्चा भी रही। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के रक्सौली गांव निवासी रामशरण (50) ईंट-भठ्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम वह खेत की ओर जाने की बात कह कर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन करने लगे।
इसी बीच रविवार सुबह सैनी कोतवाली के सौंरई गांव के समीप नियामतपुर नहर मार्ग के किनारे तालाब के पास नीम के पेड़ पर लुंगी के फंदे से लटका एक शव मिला। सूचना पर आई पुलिस ने जेब में मिले आधार कार्ड के जरिये पहचान कर खबर परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पहुंचे।
मृतक के भाई बालकरन ने तहरीर में बताया कि रामशरण की दो बेटी और दो बेटे हैं। साल भर पहले बड़ी बेटी रविता व बेटे रवि की शादी के लिए कर्ज की अदायगी नहीं कर पाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहता था, वह नशे का भी आदी हो गया था। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
दूसरी तरफ ग्रामीणों में मृतक के पैर जमीन को छूने से हत्या कर शव पेड़ से टांगने की चर्चा रही। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार करवरिया ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी आत्महत्या करने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर मंझनपुर व सैनी पुलिस के बीच नोकझोंक
पेड़ से लटके अधेड़ का शव मिलने के बाद मंझनपुर व सैनी कोतवाली पुलिस सीमा विवाद में ही उलझी रही। दरअसल सौंरई खुर्द गांव सैनी कोतवाली का आखिरी गांव है। इसके बाद मंझनपुर कोतवाली की सीमा शुरू हो जाती है। शव गांव के बाहर होने पर सीमा को लेकर सिराथू चौकी प्रभारी नितेश कुमार मिश्रा व शमशाबाद पुलिस चौकी प्रभारी रविशंकर सिंह के बीच नोकझोंक हुई। लेखपाल की ओर से शव का स्थान सौंरई गांव में होने की पुष्टि के बाद सैनी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
टेंवा स्थित पोस्ट मार्टम हाउस में बैठे मृतक रामशरन के गमजदा परिजन। स्रोत: स्वयं
टेंवा स्थित पोस्ट मार्टम हाउस में बैठे मृतक रामशरन के गमजदा परिजन। स्रोत: स्वयं