सरायअकिल कोतवाली के जयंतीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम एक बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर पहुंची सरायअकिल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोखराज कोतवाली के बड़ेगांव निवासी अजहर (25) पुत्र निक्के बृहस्पतिवार को करारी कस्बा निवासी अपने साथी एखलाक (24) को लेकर बाइक से उसके ननिहाल पूरामुफ्ती जा रहा था। रास्ते में सरायअकिल कोतवाली के जयंतीपुर गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में अजहर की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक पर साथ बैठा युवक एखलाक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा है।