मंझनपुर। 18 नवंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2018 के लिए जिले में 15 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 12121 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। नकलविहीन पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने 22 पर्यवेक्षक और 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर सख्त निर्देश जारी कर दिया है। मंगलवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में केन्द्राध्यक्षों, स्टैटिक मजिस्ट्रटों एवं पर्यवेक्षकों के साथ बैठक में डीएम ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दिया। पर्यवेक्षकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से एक दिन पहले ही केन्द्रों का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी केन्द्राध्यक्षों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केन्द्र पर कोई भी परीक्षार्थी, कक्ष निरीक्षक, कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं करेंगे।
सभी केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने, रोशनी, वाहन स्टैंड एवं प्रसाधन आदि की मुकम्मल व्यवस्था करने का निर्देश दिया। डीएम ने बेवसाइट से डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र में अंकित फोटोयुक्त आईडी,प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, किसी भी सेमेस्टर के अंक पत्र की मूल प्रति, संबंधित प्रशिक्षण संस्थान के रजिस्टार या सक्षम अधिकारी द्वारा इंटरनेट से प्राप्त अंकपत्र की प्रमाणित प्रति देखकर ही केंद्र में प्रवेश देने का निर्देश दिया। डीएम ने चेताया कि इनमें से कोई अभिलेख नहीं होने पर किसी भी स्थिति में परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक में डीआईओएस सत्येन्द्र कुमार सिंह के साथ ही तीनों एसडीएम, सभी केंद्र प्रभारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षकों के अलावा अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।