घटना के बाद घर पर लगी लोगों की भीड़। संवाद
- फोटो : फाइल फोटो
पिपरी थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार शाम एक 15 वर्षीय किशोरी ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपरी गांव निवासी संतोष कुमार, जो पेशे से राजगीर हैं, मंगलवार सुबह रोज की तरह काम पर निकल गए थे। उनकी बेटी सपना ने सुबह खाना बनाकर पिता को खिलाया और टिफिन भी तैयार किया था। शाम करीब पांच बजे मां गुड्डी देवी बकरियां चराने चली गईं, जबकि तीनों छोटे भाई-बहन खेलने बाहर निकल गए। इसी दौरान सपना ने कमरे के अंदर साड़ी के सहारे पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
कुछ देर बाद परिजन लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर किशोरी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।