तहसील के गिरिया खालसा गांव में रहने वाली एक चार साल की बच्ची में पोलियों के लक्षण मिले हैं। बच्ची को इलाज के लिए मनौरी स्थित प्राइवेट चिकित्सक के लकवा रिसर्च सेंटर में लाया गया था। चिकित्सक ने पोलियों की आशंका जाहिर की। घटना की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बच्ची के स्टूल को जांच के लिए भेजा गया है।
चायल के गिरया खालसा गांव निवासी शीतल सरोज की चार वर्षीय बेटी रजनी को दो महीने पहले बुखार आया। इसके बाद दोनों पैर लुंज हो गए। शुक्रवार को घरवाले पोलियों की आशंका पर उसे मनौरी स्थित लकवा रिसर्च सेंटर ले गए। यहां डॉ. एके मिश्र ने बताया कि बच्ची में पोलियो के लक्षण है। चिकित्सक ने बच्ची के घरवालों को सीएचसी चायल भेजा। रिसर्च सेंटर से मिली जानकारी के बाद परिजनों के होश उड़े हैं। वह लोग चायल सीएचसी ले गए जहां प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुक्तेश ने बच्ची के स्टूल को जांच के लिए भेजा है। चिकित्सक का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं रजनी के परिजनों का कहना है कि वह बराबर अपनी बेटी को पल्स पोलियो अभियान में खुराक पिलाते आ रहे हैं।