मंझनपुर। करारी कस्बा स्थित ईदगाह के पीछे रविवार सुबह जुए की फड़ में लाठी-डंडे चले। इससे करीब 10 जुआरी घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। करारी कस्बे में ईदगाह के पीछे हर रोज जुए की फड़ सजती है। ग्रामीणों की मानें तो यहां हर रोज लाखों का वारा-न्यारा होता है।
गांव वालों का कहना है कि जुआरी नशे में धुत रहते हैं और बहू-बेटियों के साथ छेड़खानी तक करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। बताया कि रविवार सुबह भी जुआ हो रहा था। इस दौरान किसी बात को लेकर जुआरी आपस में भिड़ गए। इनके बीच लाठी-डंडे चले। इससे करीब 10 जुआरी घायल हो गए। पास के निजी अस्पताल में सभी ने अपना इलाज कराया है। मामले में करारी इंस्पेक्टर राजेश सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जुआरियों को चिन्हित किया जा रहा है। जुआ इलाके में कहीं भी किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।