अधीनस्थ सेवा चयन (पेट) परीक्षा में साल्वर गैंग के सरगना सहित चार सदस्यों को मंगलवार को प्रयागराज एसटीएफ छापेमारी कर दुर्गा देवी इंटर कॉलेज से गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस के जरिए नकल करा रहे थे। सभी के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एसटीएफ प्रभारी प्रयागराज नवेंदु कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग पेट परीक्षा में संगठित रूप से नकल कराने की फिराक में हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर कौशाम्बी जनपद के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा चौराहा से टीम ने तीन लोगों को पकड़ा। इनकी निशानदेही पर परीक्षा केंद्र श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा में परीक्षा दे रहे पंकज कुमार को दबोचा गया।
पंकज दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल सिंह पुत्र बुआ सिंह निवासी कपासी कला कोरांव प्रयागराज, अभिषेक सिंह पुत्र गणेश प्रसाद सिंह निवासी वैधवा कला जनपद प्रयागराज, उदय सिंह पुत्र हरिहर प्रसाद निवासी संसारपुर, कोरांव, प्रयागराज शामिल हैं। सरगना राहुल ने बताया कि हम लोग सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराकर पास होने वाले अभ्यर्थियों की तलाश करते थे।
मूल अभ्यर्थी की जगह साल्वर को बैठाकर परीक्षा पास कराने का ठेका लिया जाता था। केंद्र पर सेटिंग करने के अलावा पेपर आउट कराकर परीक्षा केंद्र पर मूल अभ्यर्थी के पास नकल सामग्री भिजवाने का भी काम करते थे। नकल कराने में ब्लूटूथ डिवाइस का भी प्रयोग किया जाता है। एसटीएफ ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में धारा 419, 420, 467, 468 व 471 व भारतीय दंड संहिता की धारा 3, 6 व 10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
साल्वर गैंग के पास से यह समान हुआ बरामद
- चार ब्लूटूथ माइक डिवाइस
- एक शैडो बनियान इलेक्ट्रानिक सिम कार्ड डिवाइस
- छह मोबाइल फोन
- एक पेट पुस्तिका
- एक ओएमआर शीट
- एक ओएमआर कोषागार शीट
- एक प्रवेश पत्र की शीट
- एक कूटरचित आधार कार्ड
- एक स्कूटी
- 43 मोबाइल स्क्रीन शॉट
- एक पैन कार्ड
- 24 हजार नकद