साहब, बदमाश फोन पर दे रहे जान से मारने की धमकी
- 17 फरवरी को बरमबारी में खेत की रखवाली करने गए किसान की हत्या के बाद बदमाशों ने की थी घर में लूटपाट
बरमबारी गांव में किसान शिवकुमार की हत्या के बाद उसके घर में लूटपाट के मामले में नया मोड़ आया है। किसान की पत्नी सुंदरकली का कहना है बदमाश पति के लूटे गए मोबाइल से फोन पर धमकी दे रहे हैं। बुधवार को सुंदरकली ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण विद्यार्थी के साथ एसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।
कौशाम्बी कोतवाली के बरमबारी गांव निवासी शिवकुमार 17 फरवरी की रात खेत की रखवाली करने गए थे। रात को उधर से गुजरे बदमाशों के गैंग ने शिवकुमार के टोकाटाकी करने पर उसे बेरहमी से पीटा और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाशों ने शिवकुमार के घर पर भी धावा बोला और लूटपाट की। इस मामले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, मगर घटना में शामिल रहे बदमाश के चार साथी अभी भी पकड़े नहीं जा सके हैं।
सुंदरकली का कहना है बदमाश पति के लूटे गए मोबाइल से फोन करके धमकी देते हैं। लूट व हत्या के खुलासे के पहले भी धमकी दी गई थी। खुलासे के बाद अब तक बदमाश के न तो साथी पकड़े गए और न ही लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। इसकी शिकायत कौशाम्बी कोतवाली पुलिस से की गई। पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
बुधवार को सुंदरकली कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण विद्यार्थी के साथ एसपी से मुलाकात करने पहुंची। एसपी के नहीं मिलने पर उन्होंने एएसपी समर बहादुर को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सुंदरकली का कहना है एएसपी ने घटना के जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया है।