मोटी रकम खर्च होने के बाद भी सिंहपुर गांव के बाशिंदे दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। पेयजल टंकी पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज है। इससे लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। जाने-अनजाने में इस दूषित पानी के साथ लोग बीमारी पी रहे हैं। शिकायत के बाद भी जल निगम पाइप लाइन दुरुस्त नहीं करा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो जल्द ही यह गांव संक्रामक बीमारी की चपेट में आ जाएगा।
चायल तहसील क्षेत्र के सिंहपुर गांव में तीन साल पहले घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए लाखों की लागत से पानी टंकी का निर्माण कराया गया था। गांव में बिछाई गई पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज हो गया है। ऐसे में लोगों के घरों में गंदा और दूषित पानी पहुंच रहा है। इससे गांव में बीमारी फैलने का खतरा है। गांव के प्रेम कुमार तिवारी, ओम प्रकाश, बृज नारायण, राम अधार, बृज किशोर, प्रेम लाल आदि लोगों का कहना है, पाइप लाइन की मरम्मत कराने के लिए कई बार मामले की शिकायत जल निगम के अफसरों से की गई। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। घर-घर दूषित पानी पहुंचने से लोगों में संक्रामक बीमारी फैलने का भय हुआ है। गांव वालों ने चेताया कि यदि उनकी समस्या का समाधान समय रहते नहीं किया गया तो वह तहसील और जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।