सिराथू अधिवक्ता संघ के चुनाव में निर्वाचित हुए पदाधिकारी संवाद
तहसील परिसर में मंगलवार को एल्डर कमेटी की निगरानी में एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव हुए। सुबह 11 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में कुल 114 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान और फिर मतगणना हुई। इसमें श्यामलाल पाल को अध्यक्ष व रामकरन को महामंत्री चुना गया।
मतदान के बाद श्यामलाल पाल ने 73 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी हेमंत जोहरी को 70 मत मिले, जबकि एक मत अवैध रहा। महामंत्री पद पर रामकरन यादव 89 मत पाकर विजयी हुए। कोषाध्यक्ष पद पर कमलेश सरोज 101 मत हासिल कर निर्वाचित हुए। वहीं प्रकाशन मंत्री के पद पर वकील मौर्य को 85 मत मिले।
इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, आय-व्यय निरीक्षक और पुस्तकालय अध्यक्ष पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। एल्डर कमेटी के चेयरमैन चंद्रशेखर सिंह ने विजयी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य करन यादव, लक्ष्मीकांत द्विवेदी, शालिकराम तिवारी, सीताराम सोनकर, पूर्व अध्यक्ष बालेंद्रधर द्विवेदी, बसंत सिंह, सुलभ मिश्रा आदि अधिवक्ता रहे।