बहुजन समाज पार्टी ने रविवार को कौशाम्बी (सुरक्षित) संसदीय क्षेत्र से अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने सेवानिवृत्त डीएसपी शुभनारायण गौतम पर भरोसा जताया है। सियासी जानकारों का कहना है कि शुभनारायण के जरिए पार्टी ने रैदास बिरादरी के अपने डेढ़ लाख मतों को सहेजने का प्रयास किया है।
लोकसभा चुनाव के लिए सियासी पार्टियों के उम्मीदवारों की घोषणा का संसदीय क्षेत्र के लोग इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच रविवार को बहुजन समाज पार्टी ने ओसा स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर अपने अधिकृत उम्मीदवार की घोषणा कर दी।
मुख्यअतिथि मुख्य मंडल प्रभारी प्रयागराज अशोक गौतम व राजू गौतम ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो ने सेवा निवृत्त डीएसपी शुभनारायण गौतम को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरे तन-मन के साथ पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का आवाहन किया। बताते चलें कि रैदास बिरादरी पार्टी के काडर मतों में गिनी जाती है। संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में इस बिरादरी के करीब डेढ़ लाख वोटर हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रत्याशी के अभाव में काडर मत भी पार्टी से छिटके दिखे। सियासियों के मुताबिक शुभनाराण के जरिये पार्टी अपने काडर मतों को सहेजने का प्रयास करेगी। मूलत: देवरिया निवासी शुभनरायण की शिक्षा-दीक्षा प्रयागराज में हुई है। वह ईश्वर शरण पीजी कॉलेज के अध्यक्ष व इलाहाबाद युनिवर्सिटी के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा शुभनारायण लंबे समय तक वामसेफ की सेंट्रल कमेटी के सदस्य रहे हैं।
इस मौके पर जगन्नाथ पाल, एसपी सिद्धार्थ, बाबू लाल भवरा, सुशील गौतम, रमेश गौतम, रमेश पासी, राम नरेश, सत्यप्रकाश गौतम, केएल गौतम, श्लोक कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।