सरायअकिल। सरायअकिल नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार को कस्बे में अभियान चलाकर सड़क की पटरियों से अतिक्रमण को हटवा दिया था। इससे नाराज पटरी दुकानदारों ने मंगलवार को टाउन एरिया कार्यालय का घेराव कर दिया। आक्रोशित दुकानदारों ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सूचना पर पहुंचे कोतवाल ने समझाकर सभी को शांत कराया।
कस्बे की प्रमुख सड़कों की पटरियों पर फल-सब्जी आदि के दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था। सोमवार को ईओ अखिलेश सिंह ने बुलडोजर से पटरियों पर किए गए कब्जे को हटवा दिया था। मो.अनीश, इमरान, रामबाबू, महबूब, दयाराम, लल्ली, आवेश, पिंकी, पप्पू, रज्जब अली, इश्तियाक आदि दुकानदारों ने अधिशासी अधिकारी पर आरोप लगाया कि बगैर सूचना और मौका दिए फल व सब्जियां नष्ट कर कूड़े वाली गाड़ी में भरवा कर उठा ले गए।
यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत के कर्मचारी अभियान की आड़ में बिक्री का पैसे भी उठा ले गए। विरोध में एकजुट हुए दुकानदार मंगलवार को बाजार में व्यापारियों की दुकान बंद कराते हुए नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर दिया। आक्रोशित दुकानदारों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना के बाद पहुंचे इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने समझाकर सभी को शांत कराया।
दुकानदारों ने सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण कर रखा था। प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। डीएम के आदेश पर नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को इसी के तहत कार्रवाई की गई थी।
-अखिलेश सिंह, ईओ, सरायअकिल