शादी का झांसा देकर युवती का याैन शोषण किया, बाद में शादी से इन्कार कर दिया। युवक ने दूसरी जगह तय रिश्ते को भी तोड़वा दिया। शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया है।
मंझनपुर की एक युवती ने बताया कि जनवरी 2024 में वह घर पर अकेली थी, मां बाजार गई थी। इस बीच कटरा नगर मोहल्ले का आवेश अंसारी उसके घर आया। शादी का झांसा देकर उसने युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया और उसका याैन शोषण करने लगा। दो महीने बाद युवती ने आपबीती मां को सुनाई।
मां ने युवक के घर उलाहना दिया तो परिजनों ने गाली गलौज कर भगा दिया। लोकलाज के भय से युवती और उसकी मां ने चुप्पी साध ली। इसके बाद परिवार वालों ने युवती की शादी प्रयागराज में तय कर दी। इसकी जानकारी आवेश को हुई तो लड़का पक्ष को अपनी प्रेम कहानी सुनाकर रिश्ता तोड़वा दिया।
युवक ने फिर शादी करने का झांसा दिया। मई 2024 से अब तक युवक उसका याैन शोषण करता रहा। सप्ताहभर पहले युवती ने शादी का दबाव बनाया तो उसने इन्कार कर दिया। इससे आहत पीड़िता ने मंझनपुर कोतवाली में शिकायत की है। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।