कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी सात लोग पॉजिटिव निकले है। संक्रमितों में सीओ सिराथू की पत्नी, ड्राइवर और गनर भी शामिल हैं। इसी के साथ ही जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। इनमें से तीन मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। जबकि 22 को होम आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है।
पखवाड़े भर पहले जिले में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दी थी। शुरूआत में एक-दो लोग पॉजिटिव निकल रहे थे। शुक्रवार को एक साथ सात लोग पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संयुक्त जिला चिकित्सालय समेत जनपद के अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाकर 2097 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई।
इनमें से सात की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में सीओ सिराथू की पत्नी, ड्राइवर व गनर शामिल हैं। इनके अलावा कमला नेहरू अस्पताल प्रयागराज में भर्ती पांच वर्षीय कैंसर पीड़ित बच्चा, प्रयागराज के ही निजी अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता व केजीएमसी लखनऊ में भर्ती एक युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी जनपद के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले हैं।
प्रयागराज में मिले संक्रमितों को एसआरएन के कोविड एल-3 वार्ड में तथा लखनऊ में मिले मरीज को केजीएमसी के कोविड वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को चिंहित किया जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनके घर पहुंचकर संपर्क में आए लोगों की कोविड जांच करेंगी।
23,474 लोगों ने लगवाया कोरोनारोधी टीका
कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण बढ़ा दिया है। शुक्रवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी के साथ ही विभिन्न स्कूलो में सत्र लगाकर टीकाकरण किया गया। शाम पांच बजे तक जिले भर के 23,474 लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि 18 साल से ऊपर के 12,746 लोगों ने वैक्सीन की पहली तथा 3370 ने दूसरी डोज लगवाई है। इसके अलावा 15 से 17 साल के 6,244 किशोरों ने टीके की पहली खुराक तथा 1114 लोगों ने प्रिकॉशन डोज लगवाई है।