बैरमपुर पीएचसी में मौजूद किसान यूनियन के पदाधिकारी। फोटो- किसान यूनियन
सरसवां ब्लॉक के बैरमपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीएचसी में तैनात डॉक्टर सप्ताह में केवल एक दिन ही आते हैं, जिससे मरीजों को झोलाछाप चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ता है।
ग्रामीणों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को किसान यूनियन के पदाधिकारी बैरमपुर पीएचसी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान तैनात डॉक्टर अंबुज अस्पताल में मौजूद नहीं मिले। अस्पताल परिसर में गंदगी और उगी झाड़ियां भी अव्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आईं।
इस पर किसान यूनियन के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने मौके से ही सीएमओ को फोन कर शिकायत दर्ज कराई और नियमित चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था नहीं सुधरी तो जिले स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर युवा जिलाध्यक्ष योगेंद्र कुमार, बालमुकुंद, मनीष समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।