भगवतपुर कटरी स्थित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 1.74 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इससे सरसवां ब्लॉक की 58 ग्राम सभाओं के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
वर्ष 2026-27 की व्यवसायिक योजना के अंतर्गत ईडीसी (इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन सर्कल) के अधीन अर्ध-टर्नकी आधार पर भगवतपुर कटरी में 33/11 केवी सब स्टेशन (2×5 एमवीए) और उससे संबंधित 33 केवी और 11 केवी लाइन के निर्माण के लिए सामग्री की आपूर्ति और स्थापना का कार्य होगा।
इसके अलावा उपकेंद्र परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 66.99 लाख रुपये की लागत से नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा बाड़, आरसीसी सड़क और अन्य विविध सिविल कार्यों का निर्माण होगा। इन कार्यों से उपकेंद्र की सुरक्षा बढ़ेगी और संचालन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित व सुचारु हो सकेगी।
58 ग्राम सभाओं को होगा सीधा लाभ
भगवतपुर कटरी विद्युत उपकेंद्र के विस्तार और सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद सरसवां ब्लॉक की 58 ग्राम सभाओं के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने से लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी। किसानों, घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
भगवतपुर कटरी उपकेंद्र के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। परियोजनाएं पूरी होने के बाद सरसवां ब्लॉक के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। -राम कुमार कुशवाहा, अधिशाषी अभियंता मंझनपुर