मोहब्बत को मुकाम नहीं मिलता देख युवक ने चुनी मौत की राह
-सरायअकिल के इमली गांव में जहरीला पदार्थ खाकर युवक ने दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। सरायअकिल के इमलीगांव के एक युवक ने मोहब्बत को मुकाम नहीं मिलता देख मौत की राह चुन ली। जहरीला पदार्थ निगलने से सोमवार की सुबह एसआरएन प्रयागराज में उसकी मौत हो गई।
इमलीगांव निवासी मकदूम गुजरात में रहकर ईंट भठ्ठा में काम करता है। इन दिनों वह गांव में ही मौजूद है। मकदूम के मुताबिक उसका बड़े बेटा पवन कुमार (20) करारी इलाके की एक युवती से प्रेम करता था और उसी से शादी करने की जिद पर अड़ा था। शनिवार शाम भी इसी बात को लेकर उसने बेटे को समझाया, लेकिन वह मानने को राजी नहीं हुआ। मोहब्बत को मुकाम नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर रविवार शाम पवन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। मुंह से झाग निकलता देख परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आननफानन परिजन उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले गए। अस्पताल में भर्ती युवक की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से घर-परिवार में कोहराम है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।