बारा। कौशाम्बी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रक्सराई में बृहस्पतिवार को खुली बैठक होनी थी। इसके लिए मुनादी तो कराई थी, लेकिन सचिव नहीं पहुंचे। इस पर ग्रामीण भड़क गए।
गांव के रंगलाल, भैरव प्रसाद, लल्लू राम, वीरेंद्र कुमार, दयाराम, दशरथ आदि ने बताया कि पंचायत सचिव ने गांव के विकास कार्यों का खाका खींचने के लिए बृहस्पतिवार को 11 बजे खुली बैठक के लिए गांव में मुनादी कराई थी। निर्धारित समय पर बैठक के लिए पंचायत भवन में ग्रामीण और सदस्य पहुंच गए, लेकिन सचिव आए ही नहीं। इसके कारण बैठक नहीं हो सकी।
दोपहर करीब दो बजे तक लोगों ने इंतजार किया। सचिव के न आने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना बताए बैठक स्थगित कर दी गई। वहीं सचिव नितिन कुमार का कहना है कि खुली बैठक के लिए मुनादी कराई थी, लेकिन ब्लॉक में मीटिंग होने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। अब अगली तारीख तय की जाएगी।