मंझनपुर। लोगों में वैज्ञानिक सोच विकसित किया जाना जरूरी है। इसी से समाज में फैली भ्रांतियां खत्म होंगी। यह बातें सोमवार को माध्यमिक स्कूलों के विज्ञान शिक्षकों को विज्ञान किट का वितरण करते हुए डीएम राजमणि यादव ने कही। साथ ही उन्होंने विज्ञान अध्यापकों को इस किट का इस्तेमाल बच्चों को विज्ञान की शिक्षा देने में करने का आह्वान भी किया। वहीं डीआईओएस ने सभी स्कूल के प्रधानाचार्यों से उपकरण समेत प्रयोगशाला की फोटो पांच दिन में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। चेताया कि अनदेखी पर स्कूल की मान्यता खत्म करने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और जिला विज्ञान क्लब की ओर से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में माध्यमिक स्कूलों को विज्ञान किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी राजमणि यादव ने जिले के 40 में से 33 माध्यमिक स्कूल के विज्ञान शिक्षकों को विज्ञान का किट प्रदान किया। उन्होंने विज्ञान शिक्षकों से इस किट को प्रयोगशाला में सिर्फ दिखावे की चीज बनाने से बचने की सीख दी। कहा कि इसके माध्यम से वे छात्र-छात्राओं को विज्ञान का बेहतर ज्ञान उपलब्ध कराएं।
डीएम ने कहाकि मौजूदा दौर विज्ञान का ही है। ऐसे में विज्ञान की शिक्षा सबसे अहम बन गई है। बताया कि अब भी समाज में तमाम ऐसी भ्रांतियां है, जो किसी अभिशाप से कम नहीं है। इन भ्रांतियों को लोगों में वैज्ञानिक सोच पैदा करके ही खत्म की जा सकती है। वहीं डीआईओएस राजशेखर सिंह ने सभी स्कूल के प्रधानाचार्यों से अपने-अपने स्कूल की प्रयोगशाला की उपकरण समेत फोटो पांच दिन में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। चेताया कि इसमें किसी भी तरह की कोताही करने वाले स्कूल की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक वसीम अहमद, आयुष साहू, अभिषेक कनौजिया, कृष्णचंद्र मिश्र, मिथिलेश कुमार, मदन मोहन शुक्ल, रूपनाथ आदि मौजूद रहे।