राजस्व संग्रह अमीन संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जिले के अमीनों ने दो दिवसीय कार्य बहिष्कार कर दिया है। तीनों तहसीलों के अमीनों ने मंगलवार को अपने-अपने तहसील कार्यालयों में तालाबंद कर दिनभर हड़ताल पर रहे। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली, वाहन भत्ता आदि को लेकर राजस्व संग्रह अमीन संगठन के माध्यम से मांग करते चले आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर प्रदेश सरकार ध्यान नहीं दे रही है। इसे लेकर प्रदेश संगठन ने दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान कर दिया। संगठन के निर्देश पर जिले के संग्रह अमीनों ने तहसील कार्यालय में तालाबंदी करते हुए कामकाज ठप रखा।
मंझनपुर में हड़ताल पर बैठे संग्रह अमीनों का नेतृत्व दिलीप कुमार दुबे ने किया। बैठक में बोलते हुए जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं हाेंगी तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी तरह चायल और सिराथू के तहसील में संग्रह अमीन हड़ताल पर रहे। पहले दिन की हड़ताल पर मंझनपुर में मजीद हसन, राकेश कुमार मिश्र, प्रमोद श्रीवास्तव, कमलेश कुमार, अतुल शुक्ला, अविनाश कुमार, धर्म सिंह तो चायल में तहसील अध्यक्ष राम प्रसाद विश्वकर्मा, मंत्री नरेंद्र बाबू, वदरे आलम, अबरार अहमद, राजकुमार आदि शामिल रहे।