जिले के निरीक्षण पर आए प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी हिमांशु कुमार एक फोन पर समीक्षा बैठक छोड़ लखनऊ लौट गए। उनके लौटने के बाद लोहिया समग्र गांव चकबिजलीपुर का सीडीओ और डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। जिला अस्पताल, ब्लॉक मुख्यालय और दो बड़ी परियोजनाओं का निरीक्षण कराने के लिए जिम्मेदार उनके आने की दिन भर राह ताकते रहे।
प्रमुख सचिव हिमांशु कुमार का मंगलवार को जिले में दौरे का कार्यक्रम निर्धारित था। उनके आगमन को लेकर मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले सभी बिंदुओं की तैयारियां सप्ताह भर से चल रही थी। मंगलवार को प्रमुख सचिव द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, लोहिया समग्र गांव चकबिजलीपुर, जिला अस्पताल, ब्लॉक और दो बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाना था।
पौने एक बजे सिराथू पहुंचे प्रमुख सचिव विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसी बीच अचानक एक फोन के आते ही उन्होंने बैठक छोड़ दी और लखनऊ को रवाना हो गए। वह क्यों गए इस संबंध में अधिकारी कुछ नहीं बोल रहे। प्रमुख सचिव के जाने के बाद सीडीओ और डीपीआरओ ने लोहिया समग्र गांव चकबिजलीपुर का निरीक्षण किया।