सदर कोतवाली के कैनी गांव के समीप बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार महिला से छिनैती की। बदमाश ई-रिक्शा को रोककर उसमें बैठी विवाहिता के कान में पहने झुमके और बैग में रखे 49 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। घटना की जानकारी पर एसपी बृजेश श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना के शीघ्र खुलासे का निर्देश दिया है।
मंझनपुर कोतवाली के कैनी गांव की सरला देवी बृहस्पतिवार को एसबीआई की शाखा मंझनपुर बैंक से पैसा निकालने आई थीं। सरला ने बैंक से 49 हजार रुपये निकाले और बैग में रखकर ई-रिक्शा से घर जाने लगीं। कैनी गांव के समीप पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ई-रिक्शा रोक लिया। इसके बाद बदमाश उसके कान के झूमके और बैग छीनकर कैनी की तरफ भाग निकले। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और जांच में जुट गई है। वारदात की सूचना पर एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और निर्देश दिए। सीओ सिटी सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में सदर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पुलिस टीमें गठित कर शीघ्र ही घटना का अनावरण करने के निर्देश दिए गए हैं।