कोखराज हाईवे से संदीपन घाट को जाने वाला मार्ग तालाब बन गया है। कई साल से सड़क की मरम्मत नहीं होने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में जलभराव से लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है। मामले में ग्राम प्रधान राला ने सिराथू विधायक से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
संदीपन घाट पर रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ गंगा स्नान के लिए जुटती है। यहां पर आसपास के तमाम गांवों से मंदिर में दर्शन पूजन और गंगा स्नान के लिए लोग आते हैं। इसके अलावा इस सड़क के किनारे बड़ी आबादी वाले राला, तकीपुर, जरउवां, खालिसपुर गांव स्थित हैं। जिससे कोखराज हाईवे से संदीपन घाट जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यस्त रहता है। इस मार्ग का निर्माण करीब दस साल पहले कराया गया था। इसके बाद से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
जिसका नतीजा है कि अब सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। साथ ही सड़क के दोनों ओर जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में पिछले दिनों हुई बारिश के चलते सड़क जगह-जगह तालाब में तब्दील हो गई है। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। रात के वक्त आए दिन कोई न कोई राहगीर दुर्घटना का शिकार होता रहता है। ऐसे में राला ग्राम सभा के प्रधान सरफराज उर्फ डब्लू ने सिराथू विधायक वाचस्पति से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। विधायक ने जल्द ही अपनी निधि से सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।