सदर तहसील के गुलामीपुर गांव में कोटे के आवंटन को लेकर तनातनी का माहौल है। रविवार को हुई खुली बैठक में कोटा राजकुमार को आवंटित कर दिया गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के भोला सिंह यादव ने मामले की शिकायत एसडीएम से कर आवंटन प्रक्रिया की जांच की मांग की। एसडीएम ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
रविवार को गुलामीपुर गांव में कोटे के आवंटन को लेकर खुली बैठक हुई। यहां कोटे के दो दावेदार राजकुमार और भोला सिंह यादव थे। एडीओ पंचायत मो.रईश उज्जमा, सेक्रेटरी दिनेश सिंह, दरोगा केपी यादव, ग्राम प्रधान हरिकृष्ण गुप्ता, उमेश केसरवानी और अशोक केसरवानी की मौजूदगी में आवंटन को लेकर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर समर्थन दिया। एडीओ पंचायत के मुताबिक राजकुमार को 422 और भोला को 375 वोट मिला। एडीओ पंचायत ने बताया कि रिपोर्ट सोमवार को एसडीएम को सौंपी जाएगी।
उधर, कोटे के आवंटन को लेकर भोला सिंह ने आरोप लगाया कि आवंटन में मनमानी की गई है। भोला सिंह यादव ने रविवार को उपजिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि राजकुमार ने अधिकारियों की मिली भगत से कोटे की दुकान अपने पक्ष में आवंटित करा लिया। उसके विरोध पर लोग मारपीट पर अमादा हो गए। भुक्तभोगी किसी तरह से जान बचा कर मंझनपुर आया और उपजिलाधिकारी को कोटे की दुकान आवंटन में हो रही धांधली को लेकर शिकायती पत्र दिया। एसडीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।