मूरतगंज ब्लॉक से कसिया पूर्व गांव को जाने वाली सड़क सालभर से क्षतिग्रस्त पड़ी है। रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिसमें बारिश का पानी भर गया है। पानी भरे गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। रात के समय तो अक्सर साइकिल सवार गिरकर घायल होते रहते हैं। इलाके के लोगों का कहना है कि कई बार एसडीएम, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई। इसके बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। शनिवार को ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी चायल से सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
मूरतगंज ब्लॉक से कसिया पूर्व गांव को जोड़ने के लिए कई साल पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। यह सड़क सालभर से क्षतिग्रस्त पड़ी है। पूरी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के चलते गड्ढों में काफी दूर तक पानी भर गया है। इसके कारण लोगों का इस सड़क से गुजरना मुश्किल हुआ है। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं, बच्चों के साथ साइकिल सवारों को भुगतनी पड़ रही है। रात के समय तो अक्सर साइकिल सवार इन पानी भरे गड्ढों के कारण गिरकर घायल होते रहते हैं।
कसिया गांव के रहने वाले राजा राम, तुबा, मैसन, लुकमान, राजू चौरसिया, मुन्ना आदि का कहना है कि कई बार एसडीएम, लोक निर्माण विभाग के अभियंता और अन्य अफसरों से शिकायत भी की गई। इसके बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। बुधवार को लोगों ने उपजिलाधिकारी चायल से शिकायत करते हुए सड़क को ठीक कराए जाने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि सड़क ठीक नहीं कराई गई तो किसी रोज वे सड़क की मरम्मत के लिए सड़क पर उतरेंगे, तभी शायद बात बन सके।