मूरतगंज(कौशाम्बी)। हाईवे पर सिहोरी गंगा पुल के समीप शनिवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में प्रतापगढ़ के दंपती की मौत हो गई। रिश्तेदार के घर मंझनपुर जा रहेा दंपती की बाइक सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई थी। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंपती की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरहना गांव निवासी अमृत लाल (35) शनिवार की सुबह पत्नी लीलावती (32) को बाइक से लेकर अपने एक रिश्तेदार के घर मंझनपुर जा रहा था। इस दौरान दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही इनकी बाइक कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी गंगा पुल के समीप पहुंची। तभी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी बाइक समेत छिटककर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसा हुआ देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर खून से लथपथ दंपती को पड़े देख लोगों ने हादसे की जानकारी कोखराज पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब में मिले पहचानपत्र और मोबाइल से फोन करके इनकी शिनाख्त की। पहचान होने पर परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, दंपती की मौत से घर-परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे।