कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में बुधवार की देर रात एक दुष्कर्म पीड़ित युवती ने नवजात को जन्म दिया है। जन्म लेने के बाद नवजात की मौत हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोखराज कोतवाली के मूरतगंज चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती को पड़ोसी युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। युवती ने जब शादी करने के लिए आरोपी से बात की तो वह मुकर गया। दूसरी तरफ आरोपी दुष्कर्म से गर्भवती हुई पीड़िता ने बुधवार को प्रसव पीड़ा के बाद एक नवजात को जन्म दिया। अस्पताल में जन्म लेने के बाद नवजात ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पीड़ित युवती ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ चौकी पुलिस को तहरीर दी। चौकी पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एक साल बाद दर्ज हुई दुष्कर्म की रिपोर्ट
कोखराज इलाके के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता के नवजात को जन्म देने के बाद हरकत में आई पुलिस ने एक साल बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि गांव के ही एक युवक उनकी बेटी से शादी का झांसा देकर कई सालों से दुष्कर्म कर रहा था। मामले की शिकायत पुलिस ने की गई थी। लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। अब जब पीड़िता ने नवजात को जन्म दिया तो पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है।
शव के डीएनए रिपोर्ट से होगी दुष्कर्म के आरोपी को पहचान
नवजात को जन्म देने वाली युवती ने जिस युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उस आरोपी की पहचान के लिए नवजात की डीएनए की जांच कराई जाएगी। कोखराज इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।आरोपी और नवजात के डीएनए का मिलान का दुष्कर्म के आरोपी की भी पहचान कराई जाएगी।