पिपरी कोतवाली इलाके के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम पड़ोसी की बेटी को बहाने से घर में बुलाकर युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी युवक के चंगुल से छूटी पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचे परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
पिपरी कोतवाली इलाके के एक गांव का परिवार मजदूरी करके भरण पोषण करता है। बृहस्पतिवार को परिवार के लोग मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे। शाम को पड़ोसी युवक परिवार की एक किशोरी को काम के बहाने अपने घर में ले गया। आरोपी ने किशोरी से दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाकर विरोध किया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में इंस्पेक्टर पिपरी श्रवण कुमार सिंह का कहना है घटना संदिग्ध लग रही है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।