मंझनपुर/बिसारा। द्वाबा में बृहस्पतिवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश से भरवारी और मंझनपुर उपकेंद्र के दर्जनों गांवों की बत्ती 48 घंटे से गुल है। मुख्य लाइन पर फाल्ट आने से आपूर्ति पूरी तरह ठप है। शुक्रवार को दिनभर बिजली कर्मी फाल्ट खोजते रहे। पर देर शाम तक लाइन में आई कमी को खोज नहीं सके। इससे दर्जनों गांवाें में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। मामले में उपखंड अधिकारी का कहना है कि कहीं रास्ते में फाल्ट है, जिसे दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
भरवारी बिजली उपकेंद्र के चायल फीडर से जुडे मसीपुर, मझियावां, परसरा, चंदीपुर, पिपरकुंडी, बिसारा, दशरथपुर, रामपुर सुहेला आदि करीब 20 गांवाें की बिजली 48 घंटे से गुल है। इलाके के अभय कुमार, विपिन कुमार, अनिल कुमार, भोलानाथ, सतीश कुमार, राजेंद्र कुमार आदि का कहना है कि गांव में बीते 48 घंटे से बिजली आपूर्ति नहीं की गई है। आपूर्ति नहीं मिलने से शुक्रवार को गांवों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा रहा।
लोग आस-पास के हैंडपंपों से लाइन लगाकर पानी भरने को मजबूर दिखे। इसी तरह मंझनपुर उपकेंद्र के भरवारी फीडर से जुडे भडे़सर, बसोहनी, मनमऊ, बंशकापूरा, इचौली आदि गांवों की भी दो दिन से बत्ती गुल है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को ढिबरी और लालटेन के सहारे घरेलू काम-काज निपटाना पड़ रहा है। मामले में उपखंड अधिकारी का कहना है कि मुख्य लाइन में आई कमी के कारण गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। खराबी को दुरुस्त कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द की कमी को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।