बाइक एजेंसियों में शुक्रवार को छूट पर मोटर साइकिल की खरीदारी को लेकर लोगों की भीड़ उमड़ी। सुबह नौ बजे से ही एजेंसियों के बाहर लोगों की लाइन लग गई। दोपहर तक कई एजेंसियों में ताला लग चुका था। जनपद में शुक्रवार को लगभग साढ़े तीन सौ बाइकें बिकीं। एजेंसी के मालिकों के मुताबिक लगभग तीन करोड़ की गाड़ियां बिकीं हैं। इनमें हीरो और होंडा की सबसे ज्यादा गाड़ियां रहीं।
बीएस-3 मानक की गाड़ियों का स्टॉक खत्म करने के लिए गुरुवार से ही एजेंसी मालिकों ने भारी छूट खरीदारों को देना शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी शुक्रवार को लोगों को हुई तो वह छूट का लाभ लेने के लिए एजेंसियों की ओर भागे। मंझनपुर में होंडा, हीरो, टीवीएस की एजेंसी में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। होंडा की एजेंसी में करीब 22 गाड़ियों का स्टाक बचा था। देखते ही देखते ये गाड़ियां बिक गईं। कई गाड़ियों में 10-15 हजार रुपये तक की छूट दी गई। होंडा एजेंसी में 11 बजे ही ताला लग गया था। इसके बाद भी लोग बाइक लेने के लिए परेशान रहे। हीरो की एजेंसी में पर्याप्त स्टॉक था। यहां दोपहर तक मारामारी रही। यहां से भी करीब 45 गाड़ियां बिकी। सरायअकिल, करारी, पश्चिमशरीरा, सिराथू, सैनी, अझुवा, मनौरी, पूरामुफ्ती आदि प्रमुख बाजारों की एजेंसियों में मारामारी रही। बजाज कंपनी की भी बाइकों की धूम रही। कौशाम्बी आटो मोबाइल सिराथू टीवीएस एजेंसी से करीब 70 गाड़ियां बिकीं। इनमें से स्टार स्पोर्टस में सात हजार, स्टार सिटी में सात हजार, विक्टर में सात हजार की छूट दी गई। इसी तरह शक्ति आटो मोबाइल सैनी ने 20 गाड़ियां बेची। राज मोटर्स ने 15 गाड़ियां बेची। सरायअकिल की भी एजेंसी में दोपहर तक लोगों की भीड़ जमा रही। स्टॉक खत्म होने के बाद एजेंसी कर्मियों ने राहत की सांस ली। जनपद में शुक्रवार को लगभग साढ़े तीन सौ गाड़ियां छूट पर बिकीं। इनमें सबसे ज्यादा हीरो व होंडा की डेढ़ सौ से ज्यादा गाड़ियां रहीं।