डॉ. एएच रिजवी पीजी कॉलेज करारी में स्वच्छता पखवारा मनाया गया। इस दौरान कालेज में स्वच्छता पर नित नई प्रतियोगिता और कार्यक्रम का आयोजन हुआ। समापन मंगलवार को बच्चों ने स्वच्छता रैली निकालकर किया।
केंद्र सरकार द्वारा देश भर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के समर्थन में डॉ. एएच रिजवी पीजी कॉलेज करारी में एक से 15 नवंबर तक स्वच्छता पखवारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाषण, निबंध, पेंटिंग, सफाई सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मंगलवार को समापन के मौके पर छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। स्वच्छता रैली को कालेज गेट के पास प्रबंधक राशिद रिजवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कस्बे की एक-एक गली में घूमी और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर कालेज के प्राचार्य डॉ. आईए आजमी, बीएड के विभागाध्यक्ष डॉ. एससी द्विवेदी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
स्थानीय कस्बे के पीआरएस इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू का जन्म दिन धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
पं. जवाहर नेहरू के जन्म दिवस विद्यालय में निबंध लेखन और बौद्धिक परीक्षण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बोलते हुए प्रधानाचार्या साधना द्विवेदी ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री बेहद सरल स्वभाव के थे। बच्चों में वह देश का भविष्य तलाशते थे। इसी के चलते उनका बच्चों से अधिक लगाव रहता था। बच्चों के प्रति उनके प्रेम ने देश में उन्हें चाचा की ख्याति दिलाया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुबेदार सिंह और निदेशक जितेंद्र सिंह ने भी चाचा नेहरू के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक ने प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। इस मौके पर केशव द्विवेदी, अनिल कुमार केसरवानी, शिल्पा सिंह, मोनिका सिंह, नवोदित केसरवानी, श्रेया श्रीवास्तवा, करिश्मा ग्रोवर आदि समस्त स्टॉफ मौजूद रहा।