मंझनपुर। बिजली के लिए ओसा गांव के ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार की शाम गुस्सा फूट पड़ा। 15 दिन के भीतर तीसरी बार ट्रांसफार्मर फुंकने से खफा लोगों ने सिराथू-इलाहाबाद मार्ग स्थित ओसा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पाव फूल गए। मौके पर पहुची कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक एक्सईएन को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। अधिशाषी अभियंता ने उग्र लोगों को दो दिन के भीतर आपूर्ति बहाल कराए जाने का अश्वासन दिला कर शांत कराया।
मंझनपुर उपकेन्द्र सें जुडे ओसा चौराहे पर बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए के दो ट्रासंफार्मर लगाए गए है। चौराहे के समीप लगा ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से फुंका पड़ा था। बुधवार को बदलते ही ट्रांसफार्मर आपूर्ति आते ही धड़ाम हो गया। आरोप है कि वर्कशाप में ठीक ढंग से ट्रांसफार्मरों की मरम्मत नहीं कराई जाती है। इसकी वजह से लोड पड़ते ही ट्रांसफार्मर जल जाता है। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने देर शाम सिराथू-इलाहाबाद मार्ग स्थित ओसा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना मिलते ही मंझनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। करीब एक घंटे बाद अधिशाषी अभियंता मौके पर पहुंचे और लोगों को दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति ठीक कराए जाने का भरोसा दिलाते हुए जाम समाप्त कराया।