मंझनपुर। कोखराज इलाके में चार दिन पहले छत पर सो रही विवाहिता की जेठ ने आबरू लूट ली। हवस मिटाने के बाद शराब के नशे में धुत दरिंदा किसी से बताने पर जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला। शिकायत पर पुलिस ने पंचायत कर मामले को रफा-दफा करवा दिया। न्याय के लिए भटक रही विवाहिता ने बुधवार को जिले के दौरे पर आए पुलिस महानिरीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए गुहार लगाई।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ब्याही युवती 16 मई की रात छत पर सोई थी। पति कहीं रिश्तेदारी गया था। रात में शराब के नशे में धुत कलयुगी जेठ विवाहिता को छत पर अकेली देख पहुंचा और मुंह में कपड़ा ठूंस उसकी अस्मत लूट ली। दरिंदगी के बाद युवक विवाहिता को किसी से कुछ बोलने पर जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला। हैवान बने जेठ के चंगुल से छूटी विवाहिता ने घटना की शिकायत सास-ससुर और पति के अलावा चौकी पुलिस से की। दूसरे दिन पुलिस ने पंचायत में मामले को क्लिीनचिट दी।
इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को भी प्रार्थना पत्र दिया। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को कोखराज का कोतवाली का निरीक्षण करने आए पुलिस महानिरीक्षक से विवाहिता ने मामले की शिकायत की। पुलिस की कार्यशैली सुन आईजी ने एसओ कोखराज को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया।