धर्म परिवर्तन के शक में सैनी कोतवाली के केसारी गांव में रविवार को आयोजित चंगाई सभा से पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों के परिवार की महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। उनका कहना था कि क्या कोई प्रार्थना नहीं कर सकता। जिसका जैसे भला होगा, वह वही करेगा। देर शाम तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी।
सुबह सैनी पुलिस को केसारी गांव के एक मकान में चंगाई सभा के बहाने धर्म परिवर्तन कराने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे खुद से प्रार्थना कर रहे थे। धर्म परिवर्तन की बात से इन्कार किया।
घटना की जानकारी के बाद पकड़े गए लोगों के परिवार की महिलाएं कोतवाली पहुंची। सभी को छोड़े जाने की मांग को लेकर हंगामा करने लगीं। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस विभाग से जुड़े लोगों की मानें तो पकड़े गए लोगों का ब्रेनवाॅश किया गया है। इस बाबत इंस्पेक्टर जयचंद्र शर्मा का कहना कि रविवार को क्राइम मीटिंग थी। शाम को वह कोतवाली पहुंचे हैं। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।