विधानसभा चुनाव 2017 का आगाज होने से पहले पुलिस महकमा में उठापटक का दौर शुरू हो गया है। शासन के निर्देश पर इंस्पेक्टर गैर जनपद भेजे जाएंगे और दारोगाओं की सर्किल बदली जाएगी। तीन साल के मानक की गाज इन पर गिरी है। इनको चिह्नित कर सूची तैयार कर आईजी व डीआईजी कार्यालय कार्रवाई के लिए भेजी जा चुकी है।
विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में ताबड़तोड़ स्थानान्तरण का दौर शुरू हो गया है। आईजी डा. केएस प्रताप कुमार ने जिले में तीन साल तक तैनात रहे इंस्पेक्टर व सर्किल में तैनात रहे दारोगाओं की छंटनी कर उनकी तैनाती में फेरबदल करने का निर्देश दिया था।
इंस्पेक्टरों को गैर जनपद भेजना था। एसपी वीके मिश्र ने डीसीआरबी से इस कार्रवाई के लिए सूची तलब की। निरीक्षक नंद किशोर वर्मा, माधव राम गौतम, हेमंत श्री दुबे और छवि नारायण सिंह जिले में तीन साल से ज्यादा का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। इसी तरह सात दरोगा ऐसे मिले हैं, जो एक ही सर्किल में तीन साल से ज्यादा का समय व्यतीत कर चुके हैं। सूची मिलते ही एसपी ने इंस्पेक्टरों का गैर जनपद तबादला करने के लिए सूची आईजी व डीआईजी को भेज दिया है, जबकि दारोगाओं की सर्किल बदलने के लिए उन्होंने खुद ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूची बन गई है, इंस्पेक्टरों का तबादला उच्चाधिकारी करेंगे, इसके लिए सूची भेजी जा चुकी है। तीन साल का एक सर्किल में कार्यकाल पूरा कर चुके दारोगाओं की नवीन तैनाती जल्द कर दी जाएगी।
वीके मिश्र एसपी