चोरी के आरोप में पुलिस ने खंभे से बांधकर किशोर को पीटा
सरायअकिल कोतवाली की कनैली चौकी पुलिस का कारनामा, सिपाही सस्पेंड, एसपी ने सीओ को सौंपी जांच
कनैली। सरायअकिल कोतवाली की कनैली चौकी पुलिस ने गुरुवार शाम अमानवीयता की हद करते हुए एक किशोर को खंभे से बांधकर पीटा। उस पर साइकिल चोरी का इल्जाम लगाया गया था। बाद में करीब नौ हजार रुपये की रिश्वत लेकर पीड़ित को छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी होने पर बिफरे एसपी ने एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया। सीओ चायल को पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी गई है।
सरायअकिल इलाके के कनैली निवासी सुरेश मौर्य ने बताया कि गुरुवार शाम उसका नाबालिक बेटा हिमांशु खेत से वापस लौट रहा था। गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचते ही स्थानीय चौकी प्रभारी व एक अन्य सिपाही ने उसे पकड़ लिया। ये लोग साइकिल चोरी का आरोप लगाकर हिमांशु को चौकी पकड़ ले गए। इल्जाम है कि वहां नशे की हालत में सिपाही जयसिंह ने हिमांशु की खंभे से बांधकर लाठियों से पिटाई की। पीटकर अधमरा करने के बाद भी हिमांशु को चौकी में बैठाए रखा गया। शुक्रवार को नौ हजार पांच सौ रुपये की रिश्वत लेकर समझौता कराते हुए उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के चंगुल से छूटा हिमांशु सीधे पुलिस कप्तान अभिनंदन के पास पहुंच गया। उसके शरीर पर लगी चोट के निशान देख कप्तान बिफर पड़े। उन्होंने तत्काल प्रभाव से सिपाही जयसिंह को निलंबित कर दिया। साथ में सीओ सिराथू को प्रकरण की जांच सौंप दी। एसपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में रिश्वत लेकर किशोर को छोड़े जाने और पिटाई की पुष्टि हुई तो चौकी प्रभारी तथा सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट भी लिखवाई जाएगी। साथ में चौकी इंचार्ज को भी निलंबित किया जाएगा। एसपी की सख्ती के बाद जिलेभर के बेलौश खाकी वालों के होश उड़े हुए हैं।