सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आलमचंद में लगी एक्सरे मशीन। संवाद
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आलमचंद में जनरेटर की सुविधा न होने से मरीजों को एक्सरे कराने के लिए बिजली का इंतजार करना पड़ता है। बिजली गुल होने पर एक्सरे जांच ठप हो जाती है। ऐसे में कई मरीज परेशान होकर निजी सेंटरों का रुख करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
सीएचसी आलमचंद में पल्हना, हर्रायपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोग इलाज कराने पहुंचते हैं। यहां एक्सरे, जांच और अन्य सुविधाओं के लिए पहले जनरेटर की व्यवस्था थी लेकिन करीब तीन वर्ष पहले सीएचसी का जनरेटर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज भेज दिया गया। इसके बाद से बिजली कटौती के दौरान एक्सरे सुविधा प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र के अनिल, अंशु, विकास और विवेक ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाएं भी सुचारु रूप से नहीं चल पा रही हैं। एक्सरे के लिए बिजली का इंतजार करना पड़ता है। इससे मरीजों को काफी परेशानी होती है। स्वास्थ्य विभाग को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि विधायक पूजा पाल ने अपनी निधि से अस्पताल को जनरेटर देने का आश्वासन दिया है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। परियोजना निदेशक के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जा रही है। जनरेटर मिलने से अस्पताल में बिजली की समस्या दूर होगी।