पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, वकील की मौत
स्टांप विक्रेता को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
मंगलवार की शाम पिपरी के मखऊपुर के समीप हुआ हादसा
चायल। तहसील से वापस घर लौट रहे बाइक सवार अधिवक्ता व स्टांप विक्रेता को पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्टांप विक्रेता गंभीर रूप से जख्मी है। स्टांप विक्रेता को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरायअकिल कोतवाली के सुरसेनी गांव निवासी विद्याकांत द्विवेदी उर्फ पक्के महराज (45) पुत्र राजनरायण चायल तहसील में अधिवक्ता थे। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे वह तहसील के स्टांप विक्रेता सेवथा गांव निवासी शिवम केसरवानी (20) के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बाइक शिवम चला रहा था। वह लोग जैसे ही पिपरी के मखऊपुर मोड़ के समीप पहुंचे तभी पीछे से आई पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। अधिवक्ता के ऊपर पिकअप चढ़ गई। जबकि शिवम छिटक कर दूर जा गिरा। घटना के बाद पिकअप चालक सरायअकिल की तरफ भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच शिवम के घरवाले भी आ गए। शिवम को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिपरी इंस्पेक्टर पवन त्रिवेदी का कहना है कि अधिवक्ता के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।